आलापुर (अंबेडकरनगर)। एसडीएम व अधिवक्ताओं के बीच विवाद निपट नहीं पाया है। अधिवक्ता जहां एसडीएम पर मनमाने ढंग से कार्य करने तथा शहीद का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कार्य बहिष्कार पर अड़े हैं, वहीं शहीद भगवान सिंह के परिजनों ने कहा है कि किसी अधिकारी ने कोई अपमान नहीं किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह बार व बेंच के बीच का मामला है। इसे इन्हीं दोनों के स्तर पर निपटाया जा सकेगा।
अधिवक्ता संघ आलापुर ने एसडीएम समेत विभिन्न राजस्व न्यायालयों का कार्य बहिष्कार शुरू कर रखा है। उनका कहना है कि एसडीएम को जब शहीद भगवान सिंह के निधन को लेकर शोक प्रस्ताव के चलते कार्य न करने को कहा गया तो प्रतिकूल टिप्पणी करते हुए उनके द्वारा न्यायिक कार्य का प्रयास किया गया है। अधिवक्ताओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसी को लेकर अधिवक्ता संघ आक्रोशित है।
इस बीच शहीद भगवान सिंह की बेटी स्मृति सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो बयान साझा करते हुए कहा कि किसी अधिकारी की तरफ से अपमान नहीं किया गया। शहीद के पिता महेन्द्र सिंह ने भी किसी भी तरह के अपमान से इनकार किया। कहा कि किसी अधिकारी कर्मचारी ने न तो उनके शहीद बेटे का कोई अपमान किया, और न ही परिजनों का। माना जा रहा था कि यह बयान सामने आने के बाद अधिवक्ताओं का आंदोलन समाप्त हो जाएगा।
हालांकि अधिवक्ता संघ अध्यक्ष रामप्रकाश त्रिपाठी का कहना है कि इसमें परिवार सेे जुड़ा प्रकरण ही नहीं था। हम सबकी एसडीएम से जो बात हुई है, वह सिर्फ अधिवक्ता ही जानेंगे। फिलहाल जब तक एसडीएम का रवैया नहीं बदलता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
उधर एसडीएम रोशनी यादव ने कहा कि मेरा पूरा ध्यान वादकारियों को जल्द न्याय पहुंचाने पर है। इसी को लेकर अधिवक्ताओं से लगातार काम करने को कहा जा रहा है। किसी तरह का कोई दबाव न तो मेरे ऊपर बनेगा, और न ही मैं कोई दबाव बनाकर काम करने की पक्षधर हूं। शासन के निर्देशों के अनुरूप ही वादों का तेजी से निस्तारण सुनिश्चित करना है।