.टांडा में पथ संचलन के दौरान मौजूद आरएसएस कार्यकर्ताओं
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को टांडा नगर में संघ के स्वयंसेवकों की ओर से पथ संचलन का आयोजन किया गया। जिसमें अनुशासन और देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने शस्त्र पूजन कर किया। बौद्धिक सत्र में अनिल मिश्र ने कहा कि हमें अपने व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर समाज और देश के हित में कार्य करना चाहिए। पथ संचलन से पूर्व नगर की छह बस्तियों नेहरूनगर, मुबारकपुर, आनंदनगर, हरीनगर, शिवपुरम और जीवननगर में स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण किया गया। पथ संचलन का मार्ग सरस्वती शिशु मंदिर से प्रारंभ होकर जुबेर चौराहा, घंटाघर, गुरुद्वारा, झारखंडी मंदिर, अलीगंज पुलिया, आदर्श चौराहा, बस स्टॉप होते हुए दोबारा शिशु मंदिर परिसर पर आकर हुआ। संचालन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण अनुशासन और एकरूपता के साथ शामिल हुए। पारंपरिक गणवेश सफेद शर्ट, खाकी पैंट, काली टोपी और डंडा में सजे स्वयंसेवकों की पंक्तियां आकर्षण का केंद्र बनीं। इस दौरान नागरिकों ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। इस दौरान श्रीगुरु सिंह सभा गुरुद्वारा के अध्यक्ष सरदार त्रिलोक सिंह, नगर संघ चालक आनंद कुमार अग्रवाल, नगर कार्यवाह संजीव जायसवाल, सक्षम प्रांत मंत्री मानस वर्मा, रमेश गुप्ता, मनोज मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।