नव निर्वाचित ग्राम प्रधान को प्रमाण पत्र देते समाज कल्याण अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर जिले की तीन ग्राम पंचायतों में हुए प्रधान पद के उपचुनाव में प्रधानी का ताज दिलीप, ममता व संतराम के सिर सजा है। शुक्रवार को हुई मतों की गणना के बाद तीनों ही प्रत्याशियों ने सर्वाधिक मत प्राप्त कर जीत हासिल की। इसके साथ ही बीडीसी के एक मात्र पद के लिए हुए चुनाव में तारावती निर्वाचित घोषित हुई। संबंधित ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को हुई मतगणना के बाद परिणामों की घोषणा कर निर्वाचितों को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा गया।
शुक्रवार को ग्राम पंचायत लाडिलापुर, पीठापुर सरैया व अस्ताबाद में हुए ग्राम प्रधान व हिथुरी में बीडीसी पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से रामनगर, जलालपुर, भीटी व टांडा विकास खंड मुख्यालय पर शुरू हुआ। दोपहर तक पूरी हुई मतों की गणना के बाद परिणामों की घोषणा की गयी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि लाडिलापुर में ग्राम प्रधान पद पर ममता ने (501) मत पाकर चंद्रावती (383) को हराया। इसी तरह अस्ताबाद में दिलीप कुमार ने 585 मत और पीठापुर सरैया में संतराम ने 413 मत प्राप्त कर प्रधान पद पर जीत हासिल की। हिथुरी में बीडीसी पद पर तारा देवी को 603 मत प्राप्त कर जीत मिली।
मतगणना को सकुशल निपटाने के लिए संबंधित विकास खंड कार्यालयों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए अधिकारी लगातार मतगणना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे। आरओ ने विजयी प्रत्याशियों को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। चुनाव परिणाम की घषणा के साथ ही समर्थकों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते गाते जश्न मनाना शुरू कर दिया। इस दौरान सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह भी मीठा कराया।