अंबेडकरनगर। ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा के नए द्वार खुलने जा रहे हैं। जिले की 345 ग्राम पंचायतों में जल्द ही डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी। पंचायतीराज विभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब पंचायत भवनों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे।
प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी पर लगभग चार लाख रुपये की लागत आएगी। पंचायत भवन के निर्धारित कक्ष में संचालित होने वाली इन लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए तकनीकी रूप से उन्नत वातावरण तैयार किया जाएगा। यहां स्मार्ट एलईडी टीवी, डेस्कटॉप कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, नेटवर्किंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, फर्नीचर और अध्ययन डेस्क की सुविधा उपलब्ध होगी। डिजिटल लाइब्रेरी में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। कंप्यूटर आधारित अध्ययन सामग्री के साथ-साथ नई और उपयोगी पुस्तकों की भी व्यवस्था रहेगी। इससे ग्रामीण छात्रों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन अपने गांव में ही मिल सकेंगे और उन्हें शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
बच्चों के लिए विशेष रूप से बाल साहित्य, चित्र पुस्तकें और इंटरएक्टिव लर्निंग एप्स उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी रुचि के अनुसार सीखने की प्रक्रिया को रोचक और आसान बनाया जा सके। पुस्तकों की आपूर्ति की जिम्मेदारी नेशनल बुक ट्रस्ट को सौंपी गई है, जिसके लिए ऑर्डर जारी किया जा चुका है। आईटी उपकरणों की आपूर्ति यूपी डेस्को के माध्यम से होगी, जबकि फर्नीचर की खरीद जेम पोर्टल से पूरी कर ली गई है। सभी सामग्री चरणबद्ध तरीके से पंचायत भवनों तक पहुंचाई जाएगी।