भीटी। थाना अंतर्गत दहेमा गांव में दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसी नवविवाहिता की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की माता ने ससुरालीजन पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गत 21 जुलाई को दहेमा निवासी अजीत की 24 वर्षीय पत्नी रिंकी संदिग्ध परिस्थितियों में जल गई थी। सूचना पर उसके मायके अयोध्या जनपद के महाराजगंज थाना अंतर्गत रसूलाबाद में रही माता शकुंतला देवी व अन्य गांव पहुंचे। रिंकी को पहले सीएचसी भीटी, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था। उस समय शकुंतला देवी ने थाने में तहरीर देकर कहा था कि वर्ष 2017 में उसने अपनी पुत्री का विवाह अजीत से किया था। उस समय क्षमता से अधिक दहेज भी दिया गया था।
आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से ही ससुरालीजन दहेज के लिए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। उसके साथ मारपीट भी अक्सर करते थे। 21 जुलाई को उसे फोन कर बताया गया कि उसकी पुत्री जल गई है। जब वह गांव पहुंची, तो रिंकी गंभीर रूप से झुलसी हुई थी। इस बीच गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। उधर थानाध्यक्ष भीटी नारदमुनि सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।