अंबेडकरनगर। बारिश के दौरान गुरुवार शाम बिजली गिरने से चपेट में आए दो जायरीन की मौत हो गई। घटना से जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भियांव दरगाह क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रफीगंज पुलिस चौकी की टीम व जलालपुर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के भियांव गांव स्थित दरगाह पर गुरुवार को दो जायरीन पहुंचे थे। बताया जाता है कि परंपरा के अनुसार दरगाह पर जाने से पहले जायरीन कुछ दूर पर स्थित तालाब में स्नान करते हैं।
दोनों जायरीन तालाब में स्नान करने गए थे। इसी बीच एक जायरीन के मोबाइल पर फोन आ गया और वह बात करने लगे। बारिश शुरू होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज चमक व गरज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई।
स्थानीय नागरिकों ने इसकी सूचना रफीगंज पुलिस चौकी को दी। सूचना के बाद चौकी के अलावा जलालपुर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि एक जायरीन का गोरखपुर का हनीफ (35) है जबकि दूसरा इलाहाबाद निवासी महेंद्र (34) है। कोतवाल प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर के माध्यम से इसकी सूचना भी दोनों के परिवारीजनों को भी देे दी गई। शिनाख्त के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।