अंबेडकरनगर। टांडा नगर के मोहल्ला अलीगंज घूरनशाह बाबा के सामने स्थित पुलिया के पास बीती रात ट्रैक्टर की चपेट में आकर साइकिल सवार दूधिया की मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। ट्रैक्टर की गति इतनी अधिक थी कि जब तक वह नियंत्रित होता तब तक जाकर नाले में घुस गया। साइकिल सवार भी नाले में जा गिरा। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीओ अमरबहादुर भी मौके पर पहुंचे। पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र हकीमपुर गांव निवासी उमाशंकर वर्मा (40) वर्ष प्रतिदिन की तरह शनिवार को भी देर रात दूध बेचकर टांडा नगर से लौट रहा था। अलीगंज थाना क्षेत्र के घूरनशाह मोड़ के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। गति अधिक होने के चलते ट्रैक्टर जब तक नियंत्रित होता तब तक वह सड़क के किनारे स्थित नाले में जा गिरा। इससे उसका अगला दोनों पहिया भी निकल गया। ट्रैक्टर की टक्कर से उमाशंकर भी साइकिल समेत नाले में जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से मौके पर अफरा तफरी मच गई। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सीओ अमर बहादुर, अलीगंज एसओ रामचंद्र सरोज, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हीरालाल यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है। जेसीबी से टैक्टर को नाले से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे अभिरक्षा में ले लिया गया है।