अंबेडकरनगर। जिले में मौसम के बदलाव का असर अब बच्चों के स्वास्थ्य पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व जिला अस्पताल में डायरिया और वायरल बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव और साफ-सफाई की कमी के कारण बच्चों में पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं।
पीएचसी बसखारी के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र मिश्र ने बताया कि हाल के दिनों में डायरिया के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे वे जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। उन्होंने परिजनों को सलाह दी कि बच्चों को हमेशा ताजा और स्वच्छ भोजन दें, साथ ही उन्हें ढंग से हाइड्रेटेड रखें।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. परमानंद यादव ने जानकारी दी कि अधिकतर मामलों में बीमारी का कारण दूषित पानी है। लोगों को चाहिए कि वे उबला हुआ या शुद्ध पानी ही इस्तेमाल करें। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले बच्चों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और गंभीर मामलों में उन्हें भर्ती कर विशेष निगरानी में रखा जा रहा है।