अंबेडकरनगर। विकासखंड कटेहरी के ग्राम आमदपुर तिंदौली में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन बृहस्पतिवार को प्रवाचक आचार्य मुकेशानंद महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और लीलाओं का मनमोहक वर्णन किया।
आचार्य मुकेशानंद ने कहा कि परमात्मा ही परम सत्य हैं। जब मनुष्य की वृत्ति परमात्मा में लग जाती है, तब संसार की माया स्वतः विलीन हो जाती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे आकाश में बादल होता है, पर बादल के लुप्त हो जाने पर भी आकाश नहीं मिटता। उसी प्रकार संसार नष्ट हो सकता है, पर परमात्मा शाश्वत हैं। संसार की कोई भी वस्तु भगवान से अलग नहीं है। इस मौके पर झांकियों का भी प्रदर्शन किया गया। मुख्य यजमान आशा देवी, उनके पुत्र कपिल चतुर्वेदी, रामशौक चतुर्वेदी, लवकुश चतुर्वेदी, पवन चतुर्वेदी, डॉ. दयाराम मौर्य, राजेश, शिवकुमार सिंह, इंद्रसेन सिंह, राजू पाठक, प्रदीप चतुर्वेदी, सुशांत और रामजी बद्री प्रसाद सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।