जलालपुर के मठिया माता मंदिर में पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु।
अंबेडकरनगर। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की अराधना घर से लेकर मंदिरों में धूमधाम से हो रही है। सोमवार को जहां मां ब्रह्मचारिणी और मां चंद्रघंटा का पूजन हुआ, वहीं मंगलवार को मां कूष्मांडा की पूजा कर श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और परिवार में खुशहाली की कामना की।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र स्थित देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह से ही मंदिरों में घंटियों की गूंज और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। घर-घर में श्रद्धालुओं ने दुर्गा सप्तशती, दुर्गा चालीसा और मां दुर्गा के आठों नामों का जाप कर देवी की अराधना की। अकबरपुर तहसील तिराहा के निकट स्थित मां गायत्री मंदिर में सुबह और शाम के समय देवी शृंगार के साथ भव्य पूजन किया गया। बड़ी संख्या में यहां लोग आरती में शामिल होने के लिए पहुंचे।
नगर पालिका कार्यालय के निकट स्थित मां दुर्गा मंदिर और दोस्तपुर रोड स्थित मां काली मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है। जहांगीरगंज के भुजहिया माता मंदिर और जलालपुर के श्री शीतला माता मठिया मंदिर में सुबह से शाम तक देवी मां के जयकारे गूंजे। यहां पूरे जनपद से श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। देवी मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया हैं, जहां मां की अलौकिक प्रतिमाएं श्रद्धालु को भक्ति रस से सराबोर कर रही हैं।
इस मौके पर श्रद्धालुओं ने पूजन करने के साथ अलग-अलग प्रकार के पकवान व मिठाइयों का भोग लगाया। तीसरे दिन मां के आशीर्वाद की कामना करते हुए श्रद्धालु पूरे उल्लास व भक्तिभाव से पूजन-अर्चन में लीन रहे।