अंबेडकरनगर। पिछले आठ वर्ष में देश ने विकास की बुलंदियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छुआ है। मजबूत विदेश नीति का ही नतीजा है कि मौजूदा समय में सभी विकसित देश भारत में बढ़ चढ़कर निवेश कर रहे हैं। यह दावा शुक्रवार को राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई ने किया। वे केंद्र सरकार के आठ वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस से मुखातिब थे।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चहुंओर विकास हुआ है। युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिला है, तो महिलाओं को सशक्त करने के लिए उनके लिए रोजगार के माध्यम उपलब्ध किए गए। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ परिवार को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, एमएलसी हरिओम पांडेय व विमलेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।