महिला के पति ने इंजेक्शन लगाने वाले चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सीएमओ को शिकायती पत्र देने के साथ केस दर्ज करने के लिए सम्मनपुर थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कटुई गांव निवासी रफीउद्दीन की 35 वर्षीय पत्नी अमीरुलनिशा को तेज बुखार होने पर पड़ोसियों ने उसे कटुई चौराहा स्थित एक निजी चिकित्सक को दिखाया था। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के बाद उसकी तबियत बिगड़ गई और उसके पूरे शरीर पर फफोले पड़ गए।
इस पर पड़ोसी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन महिला के किसी अभिभावक के न होने पर उसे अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया। इस पर पड़ोसियों ने उसे अकबरपुर नगर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। गोवा में निजी कंपनी में नौकरी कर रहे उसके पति को दूरभाष पर सूचना दी।
इस पर बीते बुधवार को रफीउद्दीन जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल पहुंचा। इस बीच शुक्रवार को महिला की तबियत और बिगड़ गई। इस पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ के लिए भेज दिया गया। रफीउद्दीन ने झोलाछाप के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सीएमओ को शिकायत पत्र देने के साथ ही केस दर्ज करने के लिए सम्मनपुर थाने में तहरीर दी है।