आलापुर (अंबेडकरनगर)। जिले में प्रतिवर्ष गोबिंद दशमी के दिन होने वाले स्थानीय अवकाश को इस बार अवकाश तालिका में जगह न मिलने को लेकर नाराजगी है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने जिलाधिकारी से स्थानीय अवकाशों की सूची को संशोधित करते हुए पुनः गोबिंदसाहब मेले की व्यापकता को लेकर अवकाश सूची में शामिल करने की मांग की है।
अंबेडकरनगर और आजमगढ़ की सीमा पर जिले की न्योरी बाजार के समीप महात्मा गोबिंद साहब के मठ पर प्रतिवर्ष एक माह तक मेला लगता है, जिसमें पूरे प्रदेश विशेषकर पूर्वांचल के प्रत्येक जिले से लाखों श्रद्धालु शिरकत करते हैं। बाबा की समाधि पर खिचड़ी चढ़ाते हुए पवित्र सरोवर में स्नान करके पुण्यलाभ अर्जित करते हैं। जिसकी व्यापकता और महत्ता को लेकर हर वर्ष गोबिंद दशमी को स्थानीय अवकाश जिलाधिकारी द्वारा घोषित किया जाता था, लेकिन इस बार जारी अवकाश तालिका से इस छुट्टी को निरस्त कर दिया गया है। इससे जनमानस में आक्रोश है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अयोध्या मंडल अध्यक्ष डॉ. उदयराज मिश्र ने जिलाधिकारी से दोबारा अवकाश तालिका को संशोधित करते हुए गोविंद दशमी की छुट्टी को बहाल करने की मांग की है।