अंबेडकरनगर। डीएलएड सम सेमेस्टर की परीक्षा 13 मई से शुरू होगी। जिले के 70 कॉलेजों के करीब 5,060 द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देंगे, वहीं करीब 4500 विद्यार्थी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल हाेंगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में होगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा नियामक प्राधिकारी के पोर्टल से डाउनलोड करने के बाद जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अयोध्या से सत्यापित कराना अनिवार्य होगा। इस सत्यापन के बिना प्रवेश पत्र मान्य नहीं होंगे। डायट के प्राचार्य ब्रजेश उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी के पत्र के अनुसार प्रवेश पत्र शनिवार को पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। इसके बाद सोमवार से उनका सत्यापन डायट में शुरू होगा।
द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 13 से 15 मई तक और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 18 से 20 मई तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। जल्द ही प्रश्न पत्र पहुंच जाएंगे।
इन्हें कोषागार में डबल लॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। प्रश्न पत्र कोषागार के डबल लॉक से मजिस्ट्रेट और पुलिस की सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों के सामने ही सील्ड पैकेट खोले जाएंगे। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य रहेगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर परीक्षा के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। किसी भी केंद्र पर लापरवाही मिलने पर संबंधित व्यवस्थापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।