थाना क्षेत्र के सेनपुर गांव के एक किशोर की वायरल फीवर की चपेट में आने से शुक्रवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। उधर, इसी गांव के 20 से अधिक ग्रामीण वायरल फीवर की चपेट में हैं। किशोर की मौत के बाद हरकत में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर पीड़ितों का इलाज किया।
तहसील क्षेत्र के सया गांव में वायरल फीवर की चपेट में आए 32 लोगों की जांच व उनका इलाज अभी चल ही रहा था कि शुक्रवार को सेनपुर गांव निवासी एक किशोर की फीवर की चपेट में आने से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि एक दिन पहले गांव निवासी महेंद्र कुमार का 10 वर्षीय पुत्र रोहित वायरल फीवर की चपेट में आ गया।
स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद गुरुवार देर शाम उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फीवर से हुई किशोर की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को हुई तो उनमें हड़कंप मच गया।
आननफानन में सीएचसी भीटी प्रभारी डॉ. हनुमान प्रसाद स्वास्थ्य टीम के साथ सेनपुर पहुंच गए। जांच में 17 लोग मनीष कुमार (13), सुभद्रा देवी (45), अंजली (17), यशोदा देवी (34), साधना (10), अभिषेक (7), अंकिता (3), अर्जुन (5), करन (8), शीला (28), शिवानी (14), शारदा देवी (45), सोनी (30), आंचल (5), शिवानी (15), बंटी (6), शनि (19) वायरल फीवर से पीड़ित मिले।
टीम ने पीड़ित लोगों की जांच की व दवाओं का वितरण किया। सीएचसी प्रभारी डॉ. हनुमान ने बताया कि किशोर की मौत वायरल फीवर से हुई है या फिर अन्य किसी कारण से। यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। वायरल फीवर से पीड़ित लोगों का इलाज किया जा रहा है।