जमुनीपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के जमुनीपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जमुनीपुर महाएं गांव निवासी हौसिला प्रसाद (50) रविवार सुबह शौच के लिए शारदा सहायक नहर की तरफ गए थे। इस बीच किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दिवंगत के पुत्र अजय कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।