फोटो 49, अंबेडकरनगर के आलापुर में युवक की मौत के बाद सड़क जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर। आलापुर-टांडा मार्ग पर तालाब के पास शुक्रवार रात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस द्वारा केस दर्ज करने में हीलाहवाली करने पर परिजनों व ग्रामीणों ने आलापुर-बसखारी मार्ग को थाने के निकट शनिवार देर शाम जाम कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश व भीड़ को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस टीम को पहुंचना पड़ा। आलापुर एसडीएम व सीओ के समझाने के बाद एएसपी अवनीश कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। दिवंगत की बहन की तहरीर पर गांव निवासी एक युवक समेत तीन लोगों के विरुद्घ हत्या की धारा में केस दर्ज हुआ। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हो सका।
बताते चलें कि शुक्रवार सुबह आलापुर थाना क्षेत्र के सराय हैबत गांव निवासी 22 वर्षीय राहुल कुमार अकबरपुर गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। मोबाइल भी स्विच ऑफ हो था। इस पर परिजन परेशान हो गए। ग्रामीणों से पूछताछ के साथ ही खोजबीन शुरू की गई। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले आलापुर थाने से 500 मीटर की दूरी पर आलापुर टांडा मार्ग पर स्थित तालाब के निकट रात करीब नौ बजे उसकी बाइक पड़ी मिली। खोजबीन की तो तालाब के किनारे ही राहुल का शव भी पड़ा मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आलापुर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह युवक की बहन मंजू देवी ने गांव निवासी आलोक तिवारी सहित तीन अन्य के विरुद्घ हत्या की तहरीर दी। पुलिस केस दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही थी।
इस बीच शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को मिला तो शाम पांच बजे करीब बड़ी तादाद में एकजुट ग्रामीणों ने केस दर्ज न होने से नाराज होकर आलापुर बसखारी मार्ग को थाने के निकट जाम कर दिया। ग्रामीणों के सड़क जाम करने की सूचना मिलते ही एसडीएम धीरेन्द्र श्रीवास्तव व सीओ जगदीशलाल टम्टा मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। कई थानों की पुलिस फोर्स भी इस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने आलापुर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। मामले में आरोपी आलोक समेत दो अन्य के विरुद्घ केस दर्ज करा दिया।