फोटो-11, अंबेडकरनगर के भीटी में छात्र के नदी में डूबने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
भीटी। बिसुही नदी के दुबौली घाट पर मित्रों के साथ नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक युवक भीटी थाना अन्तर्गत वीरसिंहपुर सया में अपने रिश्तेदार के घर रहकर बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
सोमवार दोपहर भीटी थाना अन्तर्गत वीरसिंहपुर सया गांव में रिश्तेदार के घर रहकर बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा दीपक वर्मा (18) पुत्र राजेंद्र प्रसाद वर्मा दो मित्रों के साथ बिसुही नदी के दुबौली घाट पर नहाने गया था। बताया जाता है कि नहाने के दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया। इससे वह डूबने लगा। चीख पुकार पर उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जाता है कि उसके साथियों ने गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। परिवारीजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। इस बीच जानकारी होने पर भीटी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों ने डूबे युवक की तलाश शुरू कर दी। लगभग तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद युवक का शव बरामद हो सका। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि दीपक वर्मा मूल रूप से पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना अन्तर्गत चोरमा गांव निवासी था। वह बचपन से ही सया में अपने रिश्तेदार के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।