हाईटेंशबसखारी। बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों की जान पर बन आती है और कई बार जान चली भी जाती है, ऐसे कई बार हो चुका है। शनिवार को इसी लापरवाही ने विभागीय संविद कर्मी की जान ले ली। हंसवर थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन की गड़बड़ी ठीक करते समय संविदा पर तैनात लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। वहीं, लाइन के आड़े आ रहे बगल के पेड़ की डाल काट रहा मजदूर भी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बसखारी सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लाइनमैन को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि हादसा लाइन अचानक चालू कर देने से हुआ।
जानकारी के अनुसार, हंसवर थाना क्षेत्र के नसीरपुर में गुरुवार को संविदाकर्मी लाइनमैन मिट्ठू (42) पुत्र मनकू निवासी दायमपुर पोल पर चढ़कर गड़बड़ी ठीक कर रहा था। इसके लिए बाकायदा शटडाउन भी ले रखा था। तार पर लटके पेड़ की डाल को बिजली विभाग की ही तरफ से एक मजदूर काट रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली चालू कर दी गई। इससे मिट्ठू झुलसकर नीचे गिर गया। डाल काट रहे मजदूर मुन्नीलाल निवासी लखनपुर भी हड़बड़ाहट में पेड़ से कूद पड़ा। इससे उसके पैर में गंभीर चोटें आ गईं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने लाइनमैन को सीएचसी बसखारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल मजदूर का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।
सूचना पर बसखारी थाने के एसएसआई प्रदीप सिंह, उपनिरीक्षक रवि कुमार मिश्र सीएचसी पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना की सूचना पर तहसीलदार टांडा संतोष कुमार ओझा, राजस्व निरीक्षक हुसैन अहमद, लेखपाल जयदेव पांडेय, सुभाषचंद्र व संतराम भी गांव पहुंच गए। तहसीलदार संतोष ओझा ने बताया कि किसान बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपए मृतक के परिवार को दिलाया जाएगा।
उधर, अवर अभियंता गणेश प्रजापति ने बताया कि संविदाकर्मी ने शट डाउन नहीं लिया था। बिजली विभाग से पांच लाख बीमा व मृतक की पत्नी को चार हजार रुपए मासिक गुजारा भत्ता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। थानाध्यक्ष बसखारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि सूचना पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, थाना प्रभारी हंसवर श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। फिलहाल मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।