आलापुर। तालाब में नहाने के दौरान केवटाही गांव निवासी एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण व परिवारीजन मौके पर पहुंचे, और शव को बाहर निकाला गया। शव बाहर आते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बजाए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर महुवर के केवटाही निवासी प्रसाद निषाद का 17 वर्षीय पुत्र दिवाकर मंगलवार सुबह गांव के दक्षिण स्थिति तालाब में दोस्तों के साथ नहा रहा था। इसी दौरान वह तालाब की गहराई में चला गया, और डूबने लगा। साथ में नहा रहे दोस्तों ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की पर सफल नहीं हुए। इस पर दोस्तों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों व परिवारीजनों को दी।
आनन फानन में सभी मौके पर पहुंचे, तब तक दिवाकर की डूबकर मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव बाहर निकालते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि दिवाकर रजवंता देवी इंटर कॉलेज ढोलबजवा में कक्षा 10 का छात्र था। शव बाहर निकलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर एसओ विवेक वर्मा के मुताबिक उन्हें तालाब में डूबकर किसी किशोर के मौत की खबर नहीं है। यदि ऐसा कुछ है तो मामले की जानकारी कराई जाएगी।