अंबेडकरनगर। मम्मी मुझे बचा लो, वरना यह लोग मुझे मार डालेंगे। अपनी मां को मोबाइल पर यह संदेश भेजने के बाद जौनपुर जिले से लापता हुए किशोर का शव चौथे दिन यहां एक नहर में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर भटपुरा गांव में मंगलवार दोपहर करीब ग्रामीणों ने नहर में एक किशोर का शव देखा। पुलिस ने वहां पहुंच शव बाहर निकलवाया तो आधार कार्ड के आधार पर पहचान जौनपुर जिले के अतरौरा पोटरिया निवासी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के 17 वर्षीय पुत्र आदर्श के रूप में हुई। वह 28 सितंबर की शाम जौनपुर से लापता हो गया था। उसी दिन उसने मां की मोबाइल पर खुद को बचा लेने की गुहार लगाई थी। परिजनों ने जौनपुर के सरायख्वाजा थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। किशोर की तलाश की जाने लगी तो उसकी अंतिम लोकेशन अंबेडकरनगर के लालापुर के निकट पाई गई थी। इस बीच उसका शव नहर में पाया गया। कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिजन आ गए हैं। अन्य जांच की जा रही है।