संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र टांडा के इनामीपुर गांव निवासी 24 वर्षीय ई रिक्शा चालक का शव शुक्रवार को पीपल के पेड़ से रस्सी के सहारे संदिग्ध दशा में लटकता मिला। पुलिस तीन ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने एएसपी संजय कुमार राय व सीओ संजयनाथ तिवारी के साथ गांव पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।
गांव निवासी दलित ओमचंद्र ईिरक्शा चलाकर अपना व परिवार की जीविका चलाता था। बीती रात परिजनों से किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। भोजन करने के बाद परिवार के सभी लोग सो गए और वह भी सोने चला गया। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि गांव के बाहर स्थित पीपल के पेड़ से उसका शव लटक रहा है। थोड़ी ही देर में रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
कोतवाल टांडा अमित प्रताप सिंह भी गांव पहुंचे। शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की जानकारी पर एसपी अजीत कुमार सिन्हा भी एएसपी व सीओ के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं।
कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में घटना की सही जानकारी हो सकेगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।