25 सितंबर के माई सिटी के अंक में पितृपक्ष में 650 जोड़ों के सामूहिक विवाह की तैयारी शीर्षक से
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में अब शनिवार को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। अमर उजाला में शुक्रवार के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने पहले 28 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तिथि बदल दी है। समाज कल्याण विभाग की ओर से एक ही दिन में 650 जोड़ों का विवाह कराने की तैयारी की जा रही है।
जिले को योजना के तहत कुल 942 विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष अब तक 292 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है। शेष जोड़ों में से 650 का विवाह शनिवार को कराने की तैयारी है। सामूहिक विवाह के लिए विकासखंडवार जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। सामान्य विकासखंडों को 50-50 विवाह कराने का लक्ष्य दिया गया है। वहीं नगर निकाय वाले विकासखंडों में 20 अतिरिक्त विवाह कराने की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि 27 सितंबर से पितृपक्ष शुरू हो रहा है। पहले निर्धारित तिथि को लेकर अमर उजाला ने पितृपक्ष में 650 जोड़ों के सामूहिक विवाह की तैयारी की खबर प्रकाशित की थी। डीएम ईशा प्रिया ने इसका संज्ञान लेते हुए कार्यक्रम की तिथि में बदलाव कराया। जिला समाज कल्याण अधिकारी त्रिनेत्र सिंह ने बताया कि सभी ब्लॉकों में शनिवार को सामूहिक विवाह समारोह होंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।