अंबेडकरनगर। जिले में शुक्रवार देर शाम तेज हवा और बारिश के बाद जंपर में फॉल्ट और लाइन में खराबी आ गई। इसके चलते शहजादपुर के संघतिया वार्ड समेत करीब 70 गांवों की बिजली पूरी रात भर गुल रही। उमस के बीच लोगों को बिना बिजली रात गुजारनी पड़ी। शनिवार सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
मरैला विद्युत उपकेंद्र से शहजादपुर कस्बे और आसपास के करीब 70 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार शाम आपूर्ति पहले बाधित हुई लेकिन कुछ देर बाद बहाल हो गई। फिर कुछ ही मिनटों में आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक बिजली न आने पर उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन किया। इसके बाद टीम फॉल्ट तलाशने में जुटी। टीम को देर रात तक फॉल्ट का पता नहीं चल सका।
रात 12 बजे के बाद ज्यादातर घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए। उमस भरी गर्मी में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार सुबह जांच के दौरान शहजादपुर के संघतिया नाका स्थित बिजली खंभे पर जंपर खराब मिला। मरम्मत के बाद सुबह करीब नौ बजे आपूर्ति सुचारु हो सकी।
अधिशासी अभियंता प्रेमचंन्ने कहा कि संघतिया इलाके में आपूर्ति बाधित हुई थी। जंपर की खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
g ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली ने रुलाया : विद्युत उपकेंद्र भीटी अढ़नपुर, मदारभारी, परियाएं, उमरावां, सम्मनपुर छितौनिया, काही, भीटी सहित अन्य 20 गांव और उपकेंद्र सेनपुर से महापारा, समरसिंह पुर, थरियाकला, चंदापुर, बासूपुर बनियानी, इटवा, तेजापुर, गोविंदा पुर,टेमा, सया, आनापुर सहित 15 गांव को बिजली आपूर्ति दी जाती है। शुक्रवार की रात बिजली कटौती से ग्रामीण गर्मी में बिलबिला उठे।
गर्मी और उमस ने किया बेहाल : अंबेडकरनगर। जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश भी भीषण गर्मी और उमस से राहत नहीं दिला सकी। शनिवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को दिनभर बेहाल रखा। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। (संवाद)