यूपी के अंबेडकरनगर में रविवार को तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार सुरेश विश्वकर्मा (63) की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टांडा ले जाया गया। वहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा पहुंचाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जिस व्यक्ति को परिजन इलाज के बाद स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद में अस्पताल ले गए थे, उसकी मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया।
सुरेश की पत्नी भगवानदेई का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में उनका इकलौता बेटा और विवाहित बेटी गुड़िया हैं। पिता की मौत से बेटे और बेटी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, ससुर की मृत्यु की खबर सुनकर बहू उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में बुजुर्ग की मौत से मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोग हादसे से स्तब्ध हैं।
दूसरे हादसे में सम्मनपुर के हरपुर निवासी सुनील के मुताबिक उनके बड़े भाई रणजीत वर्मा (45) जहांगीरगंज के देवरिया बाजार में एक ढाबे में मजदूरी करते थे और कुछ दूरी पर देवचनपुर स्थित अपनी ससुराल में रुकते थे। शनिवार की रात ढाबा बंद होने के बाद वह घर आ रहे थे। रात 9:30 बजे रामनगर के सम्मोमाता मंदिर के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी और वे सिर के बल सड़क पर गिर गए। हेलमेट न पहने होने के चलते उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं। पिकअप चालक वाहन लेकर भाग निकला। मौके पर पहुंचे साले अभिषेक ने सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया। वहां प्राथमिकी उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक अन्य हादसे में आलापुर क्षेत्र के इंदईपुर ग्राम पंचायत के प्रधान अरुण मौर्य के छोटे भाई अजय मौर्य (40) शनिवार देर शाम बाइक से बाजार जा रहे थे। इंदईपुर के निकट अचानक सड़क पर आए कुत्ते से उनकी बाइक टकरा गई और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उनको बसखारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार, उनकी हालत खतरे से बाहर है।