बसखारी। क्षेत्र के बरहीं मोहनपुर गांव में साइबर ठगों ने एक ट्यूमर मरीज के बैंक खाते से 74 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को करीब एक सप्ताह बाद ठगी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है।
बरहीं मोहनपुर निवासी विष्णु दत्त गले के ट्यूमर से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने और अपने पुत्र की मेहनत की कमाई से इलाज के लिए राशि बैंक खाते में जमा कर रहे थे। तीन जून को उनका खाते से लिंक मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया। इसके बाद आठ जून तक साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिये छह बार में कुल 74 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। 11 जून को उनको खाते से रुपये कटने की जानकारी मिली। इसके बाद वह बैंक शाखा पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। ट्रांजैक्शन की जानकारी सामने आने पर मामले का खुलासा हुआ। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्रार्थनापत्र प्राप्त हुआ है। जांच की जा रही है। बैंक ट्रांजैक्शन और तकनीकी पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)