अंबेडकरनगर। साइबर ठगों ने अब ठगी का नया तरीका अपनाया है। यह अब सरकारी कर्मियों को उनको मिलने वाले पैसों का लालच देकर ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बुधवार को प्रकाश में आया है, जिसमें जलालपुर क्षेत्र की एक नर्स को झांसे में लेकर 90 हजार से अधिक की रकम उड़ा दी।
जलालपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके बादल के पास मंगलवार को एक फोन आया। बताया गया कि वह कलेक्ट्रेट कार्यालय से बाल रहा है। फोन करने वाले ठग ने बताया कि वह नायब तहसीलदार बोल रहा है, क्षेत्र में कार्यरत सभी नर्सों का मोबाइल नंबर भेजिए। यहां से उन सभी नर्सों के खाते में मेंटिनेंस ग्रांट का पैसा भेजना है। इसके तुरंत बाद ठग ने क्षेत्र की एक सीएचओ को फोन करके कहा कि खाते में पैसा भेजने में कुछ दिक्कत आ रही है। इसके लिए दस रुपये एक खाते में भेजने को कहा गया। जैसे ही सीएचओ ने दस रुपये भेजे, इसके तुरंत बाद उनके खाते से 96000 रुपये निकल गए। मैसेज देखते ही सीएचओ के पैरों तले जमीन खिसक गई।
सीएचओ मौजूदा समय में अवकाश पर हैं। वहीं मामले सूचना सीएमओ को दी गई। इसके अलावा साइबर थाने की पुलिस को भी सूचित किया गया। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि पुलिस से मामले की शिकायत कर दी है, इसके अलावा सभी कर्मचारियों को सचेत किया गया है।