टअंबेडकरनगर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक युवक व एक युवती करंट से झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां युवक की हालत गंभीर होने पर प्रारंभिक इलाज के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिवारीजनों के अनुसार पड़ोसी जिला सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना अंतर्गत अखंडनगर निवासी अनिल कुमार (41) सोमवार सुबह खेत में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल स्टार्ट करने के लिए गया। जैसे ही उसने उसने ऑन करने के लिए स्विच को दबाना चाहा, वैसे ही वह उसमें उतरे करंट की चपेट में आ गया। चीख पुकार पर खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उसे बोर्ड से अलग किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो चुका था। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर में भर्ती कराया गया।
यहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ा। उधर जैतपुर थाना अंतर्गत जैतपुर निवासी एक युवती करंट से झुलस गई। परिवारीजनों के अनुसार गांव निवासी रेनू (21) सोमवार सुबह घर की सफाई कर रही थी। इसी बीच वह वहां रखा पंखा हटाने लगी। उस समय उसमें करंट उतरा हुआ था, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई। जब तक उसे पंखे से हटाया जाता, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई। स्थानीय इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।