अंबेडकरनगर। जिला चिकित्सालय में मरीजों की जांच व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई है। अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन की एक ट्यूब खराब हो जाने के कारण लगातार दूसरे दिन जांच ठप रही। कंपनी के इंजीनियरों के प्रयास के बाद भी दोपहर तक भी मशीन चालू न होने पर मरीज मजबूरन लौट गए।
जिला अस्पताल में रोजाना 20 से 25 मरीज सीटी स्कैन के लिए आते हैं। मशीन के ठप होने का सीधा असर मरीजों की जेब व स्वास्थ्य दोनों पर पड़ रहा है। कई गंभीर रोगों के मरीजों को निजी सेंटरों का रुख करना पड़ा, जहां जांच की लागत कई गुना अधिक है। वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों ने इंतजार करना ही बेहतर समझा। कई मरीज सुबह से दोपहर तक सीटी स्कैन मशीन के सही होने की उम्मीद में अस्पताल परिसर में बैठे रहे। तकनीकी टीम की ओर से मशीन का परीक्षण करने के बावजूद समाधान नहीं किया जा सका। मशीन की एक ट्यूब जल जाने के कारण पूरी प्रणाली प्रभावित हो गई है।
अकबरपुर के नसीरपुर निवासी हरेंद्र खुद के सीटी स्कैन के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कल फिर अस्पताल आएंगे। वहीं, श्रवण क्षेत्र के चिउटीपारा निवासी मीरा देवी ने बताया कि दो-तीन घंटे के इंतजार के बाद वापस लौटना पड़ रहा है। समयाभाव के कारण पास के ही निजी केंद्र पर जा जांच करना पड़ेगा।
सीएमएस डॉ. पीएन यादव ने बताया कि आवश्यक उपकरण अस्पताल पहुंच चुके हैं। तकनीशियन मशीन की मरम्मत में जुटे हैं। शनिवार से सीटी स्कैन की सभी जांचें सामान्य रूप से संचालित होंगी।