अकबरपुर चीनी मिल के पेराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर डीएम अनुपम शुक्ला, इकाई प्रमुख रमेश कुमार वर्
अंबेडकरनगर। अकबरपुर चीनी मिल में पेराई सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। शुभारंभ से पूर्व परंपरानुसार बृहस्पतिवार 12 नवंबर को अखंड रामायण पाठ व शुक्रवार को कांटा व डोंगा की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डीएम अनुपम शुक्ला, इकाई प्रमुख रमेश कुमार वर्मा और अधिकारियों ने केन कैरियर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया।
इकाई प्रमुख रमेश कुमार वर्मा ने पेराई सत्र की शुरुआत पर कहा कि चीनी मिल अकबरपुर अपने क्षेत्र के किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पिछले वर्ष मिल की ओर से 84.17 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की गई थी, जबकि इस वर्ष 90 लाख क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चीनी मिल त्वरित भुगतान के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने किसानों से अधिकतम गन्ना मिल में आपूर्ति कर अपना बेसिक कोटा बढ़ाने की अपील की।
महाप्रबंधक (गन्ना) सुनील कुमार सिंह चौहान ने बताया कि किसानों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए इस बार मिल गेट पर शिफ्ट सिस्टम लागू किया गया है। किसान अपनी निर्धारित शिफ्ट के अनुसार ही गन्ना लेकर आएं, इससे अनावश्यक प्रतीक्षा और असुविधा से बचा जा सकेगा। इस दौरान एसपी अभिजीत आर.शंकर, जिला गन्ना अधिकारी सीएल यादव, एसडीएम भीटी धर्मेंद्र सिंह, एसओ अहिरौली अभिषेक त्रिपाठी, चेयरमैन अरविंद सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।