बृहस्पतिवार को नौचंदी मेला में दरगाह पर जियारत करते जायरीन। इंतेजामिया कमेटी
अंबेडकरनगर। अशरफपुर किछौछा स्थित हजरत सैयद मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी की दरगाह पर बृहस्पतिवार को नौचंदी मेले पर जायरीन की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से जायरीन पहुंचे। जियारत का सिलसिला सुबह से लेकर देर रात तक चलता रहा।
दरगाह परिसर में दिनभर रूहानियत और अकीदत का माहौल बना रहा। जायरीन ने आस्ताने पर हाजिरी देकर मुल्क में अमन-चैन खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआएं मांगीं। बता दें कि रविवार से अगहनिया मेले का शुभारंभ होने के बाद दरगाह में जायरीनों की आमद लगातार बढ़ रही है। इसका असर बृहस्पतिवार को भी देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि मेले में जायरीन की सहूलियत और सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं, इंतजामिया कमेटी से जुड़े सैयद सिराज अशरफ ने बताया कि जायरीनों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को जियारत के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।