गोविंद साहब मेले में शनिवार को उमड़े मेलार्थी। -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर (अंबेडकरनगर)। बाबा गोविंदसाहब धाम के मशहूर मेले में खासी चहल-पहल है। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में मेलार्थी पहुंच रहे हैं। देररात तक थिएटर, सर्कस व जादूगर का खेल आदि का खूब लुत्फ उठा रहे हैं। पुलिस टीम भी लगातार सतर्कता बरत रही है।
गोविंद दशमी स्नान से मकर संक्राति स्नान तक चलने वाला गोविंद साहब मेला चरम पर है। गलन भरी ठंड के बावजूद मेला पहुंचने वाले लोगों में उत्साह का माहौल है। खजला मिठाई के साथ ही अन्य जीवनोपयोगी सामानों की बिक्री खूब हो रही है। वर्ष का अंतिम दिन होने के चलते शनिवार को गोविंद साहब मेले में भारी भीड़ दिखी। बड़ी संख्या में युवा गोविंद साहब मेले में नए वर्ष का उल्लास मनाने व थिएटर का लुत्फ उठाने पहुंचे।
देर रात तक लोग थिएटर, जादूगर और सर्कस समेत नृत्य शो का लुत्फ उठाते रहे। दिन के समय झूलों पर भी काफी भीड़ देखने को मिली। मेलार्थियों ने मेले में पर्याप्त अलाव की व्यवस्था न होने व साफ सफाई की व्यवस्था ठीक न होने पर नाराजगी जतायी। कहा कि ऐतिहासिक मेले में प्रतिदिन हजारों की संख्या में भीड़ जुटती है। इसके बावजूद मेलार्थियों व व्यापारियों के हितों का ख्याल रखा नहीं जा रहा है।
मेले में जुट रही भीड़ को देखते हुए शुक्रवार रात एएसपी संजय कुमार राय एक बार फिर जायजा लेने पहुंचे। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। आम लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही व्यापारियों का खास ख्याल रखा जाए। यदि कोई मनमानी करे तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।