फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: बारिश से कटी फसल पानी में डूबी

Wed, 07 Oct 2026 12:55 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
सम्मनपुर क्षेत्र में हो रही बारिश। 
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। मौसम का बदला मिजाज किसानों पर भारी पड़ रहा है। सोमवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश से खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल गिरकर बर्बाद हुई, वहीं काटकर सुखाने के लिए खेतों में रखी फसल पानी में भीग गई। मंगलवार को भी जिले के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। खेतों में किसान और उनके परिवार के लोग कटी फसल से पानी निकालकर उसे बचाने की जद्दोजहद करते नजर आए।
विज्ञापन


अकबरपुर के गौहन्ना गांव में नेशनल हाईवे टांडा-बांदा के किनारे खेतों में अगेती धान की फसल काटकर सुखाने के लिए रखी गई थी। सोमवार शाम हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में कटी धान की फसल पानी में भीग गई। मंगलवार को महिलाएं और पुरुष खेतों में उतरकर फसल से पानी निकालते और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखाई दिए।


जलालपुर संवाद के अनुसार तहसील क्षेत्र के पहाड़ीपुर, पिंडोरिया, सीताघाट, लवईया, मसौड़ा, रफीगंज, जल्दीपुर, लाभापार, पथीपुर और महमदपुर समेत दर्जनों गांवों में तैयार होने के कगार पर पहुंची धान की फसल खेतों में गिर गई। किसानों के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले हुई बारिश से भी नुकसान हुआ था।
विज्ञापन


सम्मनपुर संवाद के अनुसार क्षेत्र के संजरपुर निवासी शिवम के अनुसार सोमवार दोपहर बाद हुई बारिश और तेज हवा से धान की फसल को काफी नुकसान हुआ। कहरा सुलेमपुर में भी तेज हवा के साथ बारिश हुई। रामजीत कटारिया के खेत में धान काटकर सुखाने के लिए रखा गया था, लेकिन बारिश के बाद कटी फसल पानी में भीग गई।



सब्जियों की नर्सरी भी प्रभावित
मल्लूपुर निवासी किसान राजित राम यादव ने बताया कि तेज हवा और बारिश से करीब दो बीघा धान की फसल खेत में गिरकर नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि अब तक नुकसान का आकलन करने के लिए तहसील प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। बारिश और तेज हवा से सब्जियों की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार गोभी, टमाटर और मिर्च की नर्सरी प्रभावित हुई है






कहीं पेड़ तो कहीं गिरीं डालें
मंगलवार को भी जिले के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला बना रहा। सम्मनपुर, टांडा और जलालपुर क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि अकबरपुर समेत अन्य क्षेत्रों में रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। जलालपुर क्षेत्र में दोपहर करीब तीन से चार बजे तक हल्की बारिश हुई।

राजेसुल्तानपुर संवाद के अनुसार तेज आंधी और बारिश के दौरान तेंदुआईकला गांव में नीम का पेड़ उखड़कर वरुण कुमार के ट्रैक्टर पर गिर गया। पदुमपुर बाजार में आंधी के दौरान बब्लू पांडेय के मकान पर पीपल के पेड़ की मोटी डाल गिर गई। इससे उनका और चार किरायेदारों का टिनशेड क्षतिग्रस्त हो गया।

अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया बृहस्पतिवार से मौसम खुलना शुरू होगा। किसान अपने खेतों में पानी की निकासी का इंतजाम करें।

सम्मनपुर क्षेत्र में हो रही बारिश। 

सम्मनपुर क्षेत्र में हो रही बारिश। 

सम्मनपुर क्षेत्र में हो रही बारिश। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें