अकबरपुर में बोलीं बाल विकास मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती है। सिर्फ अपराधियों का ही एनकाउंटर होता है, निर्दोषों का नहीं। ये बातें सोमवार को जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं प्रदेश की महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने दावा किया कि बगैर किसी भेदभाव के सभी वर्ग के पात्रों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। सोमवार को राज्यमंत्री ने जिला अस्पताल परिसर स्थित वन स्टाफ वन सेंटर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि योजनाओं के पात्रों को बेहतर ढंग से लाभ दिलाया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यहां से निकलकर उन्होंने डोमनेपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के बाद कटेहरी ब्लाक में आयोजित कर्याक्रम में भागीदारी की।
इससे पहले अकबरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने सुल्तानपुर में डकैती मामले में एक आरोपी के ताजा एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया दी। कहा कि यह कहना पूरी तरह से गलत है कि एनकाउंटर किसी विशेष व्यक्ति का होता है। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती है। प्रदेश को अपराधमुक्त करने को लेकर लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।