अंबेडकरनगर। स्मैक की बिक्री मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल बदमाश को जिला अस्पताल में इलाज के बाद बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। इस बीच मुठभेड़ व जानलेवा हमले मामले में फरार चल रहे दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापामारी तेज कर दी है। हालांकि, अभी तक उसे सफलता नहीं मिल सकी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों अहिरौली थाना अन्तर्गत समैसा गांव में स्मैक की बिक्री करने आए तीन युवकों को ग्रामीणों ने घेर लिया था। बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकलने में सफल रहे थे। पुलिस ने मामले में पड़ोसी जनपद अयोध्या के हैदरगंज थाना अन्तर्गत मलावन गांव निवासी दो सगे भाई राहुल व रोहित दुबे तथा अहिरौली थाना अन्तर्गत समैसा गांव निवासी राजेश के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इस बीच दो दिन पहले अहिरौली पुलिस व स्वाट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रोहित व राहुल बाइक से फतेहपुर बेलाबाग नहर के निकट बाइक से कहीं जा रहे हैं।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर ली। पुलिस से बचाव के लिए दोनों ने फायरिंग की, तो जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। गोली राहुल के दाहिने पैर में लगी, जिससे वह गिर पड़ा, जबकि रोहित भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच बुधवार को उसकी स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। एसओ अहिरौली संजय सिंह ने बताया कि मुठभेड़ व ग्रामीणों पर हमला करने के मामले में फरार चल रहे रोहित व राजेश की तलाश में छापामारी की जा रही है।