अंबेडकरनगर। माफिया सरगना खान मुबारक गैंग पर पुलिस का कहर लगातार दूसरे दिन भी टूटा। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुबारक के पैतृक गांव हरसम्हार में करीब डेढ़ एकड़ खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलाकर बुधवार को नष्ट कर दिया गया। साथ ही करीब 72 लाख रुपये कीमत के इस खेत पुलिस ने जब्त कर सरकारी भूमि करार देने का बोर्ड लगा दिया। पुलिस के अनुसार माफिया सरगना खान मुबारक की अब तक करीब पांच करोड़ की संपत्ति को सीज व ध्वस्त किया जा चुका है। खेत जब्त करने के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए छह थानों की फोर्स व पीएसी मौजूद रही।
माफिया सरगना खान मुबारक व उसके गैंग पर पुलिस का शिकंजा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। एक दिन पहले मंगलवार को जहां पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच हंसवर बाजार स्थित 20 दुकान वाले कॉम्प्लेक्स को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया था, वहीं उसके करीबी गुर्गे शातिर बदमाश परवेज व उसकी पत्नी रूबीना के मखदूनगर स्थित घर को कुर्क करने की कार्रवाई अमल में लाई गई। इस बीच खान मुबारक पर कार्रवाई का दौर बुधवार को भी जारी रहा।
पुलिस टीम बुधवार हंसवर थाना क्षेत्र के हरसम्हार गांव पहुंची। यहां उसे माफिया के एक खेत को जब्त करना था। अभियान का नेतृत्व करने पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी सुबह ही टांडा पहुंच गए। तैयारियों की समीक्षा के बाद हरसम्हार गांव में एसपी ने अपनी मौजूदगी में एएसपी अवनीश कुमार मिश्र, एसडीएम अभिषेक पाठक, सीओ टांडा संतोष कुमार की मौजूदगी में गैंगेस्टर अधिनियम के तहत अवैध ढंग से अर्जित की राशि से गांव में खरीदी गई करीब 72 लाख कीमत वाले डेढ़ एकड़ खेत में ट्रैक्टर चलवा दिया। ट्रैक्टर द्वारा समूचे खेत को जोत दिया गया। इससे खेत में खड़ी लगभग एक लाख रुपये की फसल नष्ट हो गई।
कब्जे की प्रक्रिया निपटने के बाद खेत में एक बोर्ड भी लगा दिया गया। इसमें लिखा गया कि संबंधित भूमि माफिया खान मुबारक द्वारा अवैध ढंग से खरीदी गई थी। गैंगस्टर अनिधिनियम के तहत संबंधित भूमि को जब्त किया जाता है। अब यह भूमि सरकार की है। ऐसे में संबंधित भूमि पर खेती करने व किसी भी प्रकार का खरीद फरोख्त करना दंडनीय अपराध है। इस बीच किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टांडा, अलीगंज, बसखारी, इब्राहिमपुर, हंसवर पुलिस के अलावा पीएसी के जवान भी मौजूद रहे।
लगातार दो दिन से पुलिस द्वारा माफिया सरगना खान मुबारक के विरुद्ध की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई का लोगों ने भी खुलकर स्वागत किया है। अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत देखने को मिला। कहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से तो कहीं फोन के जरिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देने का दौर चल रहा है। लोगों का कहना है कि जिस तरह से पुलिस प्रशासन कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है, उसका सकारात्मक संदेश जा रहा है। निश्चित रूप से बदमाशों के विरुद्ध इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए।
आपराधिक तत्वों के विरुद्ध इसी तरह की मुहिम जारी रहेगी। बदमाशों के विरुद्ध हर तरह की कार्रवाई अब अमल में लाई जाएगी। न सिर्फ उन्हें कोर्ट के माध्यम से जरूरी साक्ष्यों के साथ सजा दिलवाई जाएगी बल्कि अवैध ढंग से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने व ध्वस्त करने का भी अभियान चलेगा।
- आलोक प्रियदर्शी, एसपी