थाना क्षेत्र के आमा दरवेशपुर गांव निवासी युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। आमा दरवेशपुर गांव निवासी विपिन मौर्य (25) पुत्र राजाराम शुक्रवार रात खाना खाने के बाद सो गया। शनिवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवारीजनों को चिंता सताने लगी।
परिवारीजनों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। परिवारीजनों ने ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
विपिन का शव रस्सी के सहारे छत के पंखे के कुंडे से लटक रहा था। यह देख परिवारीजनों में रोना-पीटना मच गया। इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों की मदद से शव उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामअवतार ने बताया कि घटना के कारण की स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। उधर, मृतक के पिता राजाराम ने बताया कि विपिन चार वर्ष से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसका इलाज भी चल रहा था। बताया कि एक वर्ष पहले भी उसने खुदकुशी करने का प्रयास किया था।