फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोर्ट परिसर से शातिर आरोपी फरार

Fri, 13 May 2016 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
अंबेडकरनगर के जनपद न्यायालय परिसर से अभियुक्त के फरार होने के बाद छानबीन करते सीओ सदर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एनडीपीएस एक्ट का अभियुक्त शुक्रवार को पेशी के दौरान जनपद न्यायालय परिसर स्थित लाकअप से दो दरोगा को धक्का देकर फरार हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूछताछ और पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन


साथ ही फरार अभियुक्त की अविलंब गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया। सक्रिय हुई टीमों ने एक दर्जन से अधिक संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की लेकिन समाचार प्रेषण तक सफलता नहीं मिल सकी। शुक्रवार दोपहर से पहले फैजाबाद मंडल कारागार से कैदी वाहन से विभिन्न मुकदमों के अभियुक्तों को पेशी के लिए जनपद न्यायालय अंबेडकरनगर लाया गया।

सभी को न्यायालय परिसर स्थित लाकअप में रखा गया। इसके बाद एक-एक कर सभी की पेशी हुई। इनमें दुराचार व एनडीपीएस एक्ट का अभियुक्त संगम (34) पुत्र हरीलाल निवासी कांदीपुर मालीपुर भी शामिल था। शुक्रवार को वह एनडीपीसी एक्ट के तहत पेशी में आया हुआ था।
विज्ञापन


पेशी के बाद उसे फिर से लाकअप में बंद कर दिया गया। अपराह्न चार बजे के करीब सभी अभियुक्तों की पेशी समाप्त होने के बाद एक-एक कर कैदी वाहन में बैठाया जाने लगा। संगम को भी एक दरोगा पकड़कर वाहन की तरफ ले जा रहा था कि इसी बीच संगम ने उन्हें धक्का मारकर गिरा दिया।

इस पर वहां मौजूद एक अन्य दरोगा ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया। इससे पहले कि वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, संगम न्यायालय की दाहिनी तरफ की चहारदीवारी कूदकर फरार हो गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।

पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। पहले सीओ उदयप्रताप सिंह व कोतवाल महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद एएसपी राहुलराज तथा बाद में एसपी अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

सीओ यूपी सिंह ने बताया कि फरार अभियुक्त को पकड़ने के लिए एसपी के निर्देश पर पांच टीमें गठित कर दी गईं हैं। इनमें कोतवाल महेंद्र कुमार, कस्बा चौकी इंचार्ज संतोष सिंह, एसआई विनीत कुमार, परमानंद पांडेय व एसओ मालीपुर चंद्रभान यादव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है।

सूत्रों के अनुसार टीमों ने एक दर्जन से अधिक संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। उधर, एसओ मालीपुर चंद्रभान यादव ने बताया कि संगम पर वर्ष 2012 में दुराचार का केस दर्ज हुआ था।

मामले में गिरफ्तार कर चालान किया गया था। बाद में वह जमानत पर जेल से बाहर था। इस बीच 5 अप्रैल 2016 को गांजे के साथ एनडीपीएस एक्ट के तहत उसका चालान किया गया था। तब से वह मंडल कारागार फैजाबाद में निरुद्ध था। शुक्रवार को वह इसी मामले में पेशी पर आया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें