सीएचसी नगपुर परिसर में गुरुवार सुबह एक युवक का शव लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। परिवारीजनों ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। पुलिस ने छानबीन शुुरू कर दी। सीएचसी नगपुर परिसर के कर्मचारी आवास में दिवंगत एएनएम दर्शनावती के पुत्र का शव पाए जाने से गुरुवार सुबह लोग सन्न रह गए।
परिवारीजनों की चीख-पुकार के बीच चिकित्सक व अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो छत के सहारे एएनएम के पुत्र गुड्डू (26) का शव लटक रहा था। गौरतलब है कि गत दिनों एएनएम की मौत हो गई थी।
बताया जाता है कि गुड्डू बुुधवार रात 10 बजे तक परिसर में ही लोगों के साथ सामान्य ढंग से बातचीत करता रहा। यह जानकारी मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने दी। परिवारीजनों ने भी कहा कि गुड्डू ने आत्महत्या क्यों की, वे भी नहीं समझ पा रहे हैं।
एसओ एनके पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।