घर से बुलाकर एक युवक की हत्या कर उसका शव थाना क्षेत्र के नसरुल्लाहपुर गांव के निकट स्थित एक पुलिया के नीचे फेंक दिया। घटना को मार्ग दुर्घटना का रूप देने के लिए बाइक को आगे व पीछे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाद में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों परहत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र बसखारी अंतर्गत किछौछा निवासी भोपाल (18) पुत्र जगत के घर सोमवार रात लगभग दस बजे उसके दो दोस्त नसरुल्लाहपुर गांव निवासी पिंटू निषाद व सुनील निषाद बाइक से पहुंचे।
कुछ देर बात करने के बाद भोपाल ने परिवारीजनों को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ नसरुल्लाहपुर जा रहा है। कुछ देर बाद वह लौट आएगा। इसके बाद वह दोनों साथियों के साथ बाइक पर बैठकर चला गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने नसरुल्लाहपुर गांव स्थित रिश्तेदारों से जानकारी हासिल की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
भोपाल का मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा था। इस बीच मंगलवार भोर में नसरुल्लाहपुर के कुछ लोग गांव के बाहर स्थित पुलिया की तरफ गए तो वहां नाले के किनारे भोपाल का शव पड़ा दिखाई दिया जबकि पुलिया के निकट क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी हुई थी। इससे उनमें सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी होने पर परिवारीजन भी रोते-पीटते घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर एसओ राजेश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में मृतक के भाई रामगोपाल ने थाने पहुंचकर उसे बुलाकर ले जाने वाले दोनों युवकों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
एसओ राजेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर पिंटू व सुनील के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दोनों युवकों की तलाश के लिए उनके घर छापेमारी की गई लेकिन वे नहीं मिले। हत्या किस तरह की गई, यह जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।