हाईवे से शराब की दुकानें हटाकर गांवों में खोले जाने पर ग्रामीण मंगलवार को भड़क उठे। अकबरपुर थाना अंतर्गत मिर्जापुर गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को तीन शराब की दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान ग्रामीणों ने एक दुकान के सेल्समैन को भी पीट दिया। वहीं दो अन्य दुकानों के सेल्समैन ग्रामीणों के आक्रोश को देखकर मौके से भाग निकले।
घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर एसडीएम के साथ पुलिस गांव पहुंची तो विरोध कर रहे ग्रामीण भाग निकले। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात रही। उधर तीनों दुकान के सेल्समैन की ओर से थाने पर दी गई तहरीर में तोड़फोड़ के साथ रुपये लूटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले में चार महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे के किनारे की शराब की दुकानें नई जगह खोली जा रही हैं। कई जगहों पर इन दुकानों का विरोध हो रहा है। अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव में मंगलवार को शराब की तीन दुकानों के खुलने से ग्रामीण भड़क उठे। लाठी, डंडे व सरिया लेकर बड़ी संख्या में महिला व पुरुष ग्रामीणों ने शराब की दुकानों पर हमला बोल दिया।
लोगों ने सबसे पहले अंग्रेजी शराब की दुकान को निशाना बनाया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए सेल्समैन शैलेंद्र गिरि ने शटर गिरा दिया, लेकिन ग्रामीणों ने शटर तोड़ दिया। इसके बाद सेल्समैन की लाठी डंडे व सरिया से पिटाई कर दी। साथ ही दुकान में जमकर तोड़फोड़ की।
सेल्समैन की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार ग्रामीणों ने 10 लाख रुपये की शराब नष्ट करने के साथ ही डेढ़ लाख रुपये भी लूट लिए। इसके बाद ग्रामीणों ने बगल स्थित बियर की दुकान में 195 बोतल व 854 कैन तोड़ डाला। सेल्समैन अनिरुद्ध चौबे दुकान छोड़कर भाग निकला। सेल्समैन ने बताया कि ग्रामीणों ने 2200 रुपये भी लूट लिए।
तोड़फोड़ के बाद ग्रामीण देशी शराब की दुकान पर पहुंचे और 400 पाउच शराब नष्ट कर दी। यहां भी सेल्समैन अशोक राजभर ने किसी प्रकार से जान बचाई। सेल्समैन के अनुसार ग्रामीणों ने 2500 रुपये भी लूट लिए। इस बीच सूचना मिलने पर एसडीएम विवेक मिश्र, एसओ रामलखन पटेल, महिला थानाध्यक्ष रेनू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखकर अधिकांश ग्रामीण भाग निकले। बाद में पुलिस ने गांव पहुंचकर गश्त भी किया। एसओ ने बताया कि सेल्समैन की तहरीर पर 4 नामजद व 50 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी तय की जाएगी।
उधर, हरियाणा व पंजाब से शराब की तस्करी उत्तर प्रदेश में करने वाले बड़े गिरोह का एसटीएफ व बसखारी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सोमवार देरशाम बसखारी बाजार के निकट छापेमारी कर एसटीएफ व पुलिस टीम ने लगभग 40 लाख की अवैध शराब बरामद की। 1185 पेटियों में 56880 शराब की बोतल पैक की गई थीं।
टीम ने छापेमारी में ट्रक व कार बरामद करने के साथ 7 तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के अलावा कई अन्य धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई दिनों से अवैध शराब के कारोबार की सूचना एसटीएफ को मिल रही थी। एसटीएफ गोरखपुर के एसएसपी के निर्देश पर सोमवार को जनपद पहुंची टीम ने बसखारी पुलिस के साथ हरैया स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट छापा मारा।
यहां पर एक ट्रक की घेराबंदी करने के साथ ही पास में खड़ी एक कार के साथ मौजूद सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें शराब की बड़ी खेप लदी मिली। इसके बाद टीम ट्रक व कार को लेकर बसखारी थाने पहुंची। यहां पर तलाशी के दौरान ट्रक में 1185 पेटी में कुल 56 हजार 880 शीशी शराब मिली।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। शराब की बोतल पर बेस्टो व्हिस्की 180 एमएल अंकित है। शीशी के ढक्कन पर आइडियल डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ भी लिखा है। शराब बरामदगी की सूचना के बाद आबकारी निरीक्षक डॉ महेन्द्र वर्मा भी टीम के साथ थाने पहुंचे, और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।