मना करने के बावजूद सहेलियों के साथ सिलाई सेंटर पर जाने से नाराज युवक ने बहन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किशोरी की चीख-पुकार पर पहुंचे परिवारीजन ने आननफानन में किशोरी को सीएचसी टांडा में भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, बहन पर हमला करने के बाद युवक वहां से भाग खड़ा हुआ।
बाद में किशोरी की मां ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। मामला अलीगंज थाना क्षेत्र के सुलेमपुर गांव का है। बुधवार मध्य रात्रि गांव निवासी संजय पुत्र दयाराम घर के बरामदे में चारपाई पर सो रही छोटी बहन सुमन (17) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। किशोरी की चीख-पुकार पर घर के बाहरी भाग में सो रहे परिवारीजन वहां पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
सुमन खून से लथपथ चारपाई पर पड़ी हुई थी और संजय हाथ में चाकू लिए वहां खड़ा था। बताया जाता है कि संजय उस समय नशे में धुत था। बाद में संजय वहां से भाग खड़ा हुआ। गंभीर रूप से घायल सुमन को परिवारीजनों ने आननफानन में सीएचसी टांडा में भर्ती कराया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बाद में किशोरी की मां ने थाने पहुंचकर केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ कर रही है। एसओ मनबोध तिवारी ने किसी प्रकार की तहरीर मिलने से इंकार करते हुए कहा कि एहतियातन युवक को हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में संजय ने बताया कि उसकी बहन गांव के निकट स्थित एक सिलाई सेंटर पर अपनी सहेलियों के साथ जाती थी। कई बार उसने सेंटर पर जाने से मना किया लेकिन वह नहीं मानी। इस पर उसने चाकू से बहन पर हमला कर दिया। एसओ ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।