जानकारी के मुताबिक आजमगढ़ जनपद के लोहरा बाजार से कीर्तिमान गैस एजेंसी का रसोई गैस सिलेंडर डिलेवरी वाहन रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे अंबेडकरनगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत देवरिया बाजार पहुंचा। यहां नया कनेक्शन देने के साथ गैस सिलेंडर की डिलेवरी भी की गई।
इसके बाद लगभग दो बजे वाहन राजेसुल्तानपुर की तरफ जा रहा था। जब वह देवरिया पंडित गांव के निकट पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर सवार दो सशस्त्र बदमाशों ने वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया।
नए कनेक्शन की जानकारी हासिल करने के बहाने वाहन चालक पारस व एक अन्य कर्मचारी अखिलेश विश्वकर्मा को वाहन से नीचे उतारा।
आरोप है कि जैसे ही दोनों वाहन से नीचे उतरे दोनों बदमाशों ने उनकी कनपटी पर असलहा सटा दिया। एक बदमाश वाहन पर चढ़ा और वहां रखा 85 हजार रुपये से भरे बैग के साथ वाहन की चाभी व दोनों कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश राजेसुल्तानपुर की तरफ भाग निकले। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
इस बीच सूचना मिलने पर एसओ राजेसुल्तानपुर राजेश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटनास्थल से लगभग आधा किमी दूर सड़क के किनारे कर्मचारियों के मोबाइल व वाहन की चाभी पड़ी हुई पुलिस को मिली।
एसओ ने बताया कि गैस एजेंसी मालिक कीर्ति प्रसाद मिश्र की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।