पशु चोरी का मुकदमा दर्ज कराने से नाराज दो आरोपियों ने सोमवार देर शाम टांडा नगर में अधेड़ पर गोली चला दी। इससे वहां भगदड़ मच गई। संयोग रहा कि अधेड़ को गोली नहीं लगी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हमलावरों को पकड़ना चाहा लेकिन वे भाग निकले। वारदात के बाद दहशत में आसपास की सभी दुकानें बंद हो गईं। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सोमवार रात अलीगंज थाना के अलहदादपुर गांव निवासी माशूक अली (55) पुत्र हामिद अली सोमवार रात ताज टाकीज तिराहे पर स्थित एक दुकान में मित्रों के साथ चाय पी रहा था। कुछ देर बाद वह अकेले रात नौ बजे पैदल ही घर की तरफ जाने लगा।
जब अंबेडकर प्रतिमा के पास पहुंचा, तो उसी समय दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। एक ने उस पर गोली चला दी। गोली माशूक के पास से निकल गई। भीड़भाड़ वाला क्षेत्र होने के कारण गोली की आवाज से मौके पर भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे।
माशूक ने शोर मचाया तो कुछ लोग हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े। लेकिन भीड़ का लाभ उठा दोनों भाग गए। दोनों बदमाश भी पैदल थे। सूचना पर एसओ बृजेश मिश्र दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में घेराबंदी करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोस्त मोहम्मद व रशीद निवासी छज्जापुर के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।