बहुचर्चित बेचन सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुख्य शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उसके पास से चोरी की बाइक व तमंचा बरामद हुआ। घटना में शामिल दो अन्य को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों बेचनसिंह की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह बाइक द्वारा रामनगर बाजार से अपने घर जा रहा था। नाराज ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रामनगर बाजार में शव रखकर जाम भी लगाया था।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। बीते दिनों ही हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चालान कर दिया था। मुख्य शूटर की तलाश में न सिर्फ आलापुर पुलिस, बल्कि स्वाट टीम को भी लगाया गया था।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक राजेसुल्तानपुर थाना अन्तर्गत ढोलबजवा की तरफ आ रहा है। इस पर स्वाट टीम व आलापुर पुलिस ने पुलिया के निकट घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देख बाइक सवार बदमाश भागने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बेचन सिंह की हत्या किए जाने की बात स्वीकार की। उसकी पहचान पंकज सोनकर पुत्र संतराम सोनकर निवासी शेखूपुर जलालपुर के रूप में हुई।