अकबरपुर फायर स्टेशन के पास एक कार पुलिया से टकरा गई। उसमें सवार एलआईसी के सहायक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अहिरौली थाना के बसोहरी गांव निवासी मोहनलाल (58) एलआईसी की अकबरपुर शाखा में सहायक अधिकारी के पद पर तैनात हैं। प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह वह कार से कार्यालय जा रहे थे। कार ड्राइवर चला रहा था। जब वे अकबरपुर फायर स्टेशन के पास पहुंचे, तो अचानक ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया।
कार सड़क के किनारे पुलिया से टकरा गई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार से मोहनलाल को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचा गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में कार चालक बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।