थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत औलियापुरम मोहल्ला स्थित एक अधिवक्ता के घर का ताला तोड़कर चोरों ने एक बाइक व एक स्कूटी समेत लगभग तीन लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय अधिवक्ता परिवार के साथ गांव गए हुए थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
बाद में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हंसवर थाना अंतर्गत बनियानी गांव निवासी अधिवक्ता राघवेंद्र वर्मा पुत्र राजाराम जनपद न्यायालय में अधिवक्ता हैं। वह परिवार के साथ अकबरपुर थाना अंतर्गत औलियापुरम निवासी रामचरन शुक्ला के घर में किराए पर रहते हैं।
वह गुरुवार दोपहर परिवार के साथ गांव गए हुए थे। रात में किसी समय चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देखा तो इसकी जानकारी फोन से अधिवक्ता को दी। इस पर अधिवक्ता परिवार के साथ घर पहुंचे तो अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गए।
चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी व बॉक्स का ताला टूटा हुआ था। अधिवक्ता राघवेंद्र ने बताया कि चोरों ने एक बाइक, एक स्कूटी, सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी समेत लगभग तीन लाख का सामान पार कर दिया।
जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देने के साथ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ रामलखन पटेल ने बताया कि केस दर्ज छानबीन की जा रही है।