लगभग दो वर्ष से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी व आजीवन कारावास के सजायाफ्ता बदमाश को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच लालमन ने पुलिस टीम पर फायर झोंका। उसके पास से एक देशी रायफल के अलावा चार कारतूस व एक खोखा बरामद हुआ है।
थाना क्षेत्र जैतपुर के करमुलहा गांव निवासी लालमन यादव पुत्र ढिलढिल यादव के विरुद्ध जैतपुर थाने में अलग-अलग विभिन्न धाराओं में कई केस दर्ज हैं। 1999 में जैतपुर के गोपरी चांदपुर निवासी इंद्रभान पांडेय की हत्या के मामले में उसे न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है। लालमन की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी।
बीते दिनों पुलिस महानिदेशक ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लखनऊ व बनारस की एसटीएफ टीम भी उसकी गिरफ्तारी का प्रयास काफी समय से कर रही थी। 2014 में उसने पूर्व में हुई इंद्रभान पांडेय की हत्या में केस दर्ज कराने वाले वादी उदयभान पांडेय की भी हत्या कर दी थी।
इस बीच गुरुवार सुबह क्राइम ब्रांच के स्वॉट टीम प्रभारी संजय सिंह को सूचना मिली कि लालमन जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव के बगल तिघरा गांव में स्थित अड़गड़ानंद बाबा के आश्रम के पास मौजूद है, वह किसी की हत्या के लिए वहां पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सवा सात बजे संबंधित स्थल को घेर लिया।
पुलिस फोर्स से घिरने का अंदेशा जैसे ही उसे हुआ, उसने वहां से बचकर भागने का प्रयास किया। उसने पुलिस टीम पर फायर भी झोंका। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से देशी रायफल 315 बोर, एक खोखा व चार कारतूस भी बरामद किया गया।
पुलिस टीम में स्वॉट प्रभारी संजय सिंह के साथ जैतपुर एसओ राजेश यादव, आरक्षी विनोद सिंह, प्रदीप सिंह, प्रभात मौर्य, हरिकेश कुमार, उमेश यादव, राहुल कुमार, सुनील, जितेंद्र गौड़, राजेश यादव व ओंकार सिंह आदि शामिल रहे।