विद्युत बिल वसूली के लिए थाना क्षेत्र के धवरुआ बाजार में पावर कॉर्पोरेशन की एक फ्रेंचाइजी द्वारा लगाए गए कैंप के दौरान शनिवार दोपहर बाद तीन सशस्त्र बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोल दिया। वसूली गई धनराशि को लूटने का विरोध करने पर बदमाशों ने ठेकेदार को गोली मार दी और वहां से भागने लगे।
आसपास मौजूद लोगों ने भाग रहे बदमाशों में से एक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की जबकि दो अन्य बदमाश सड़क किनारे स्थित खेत में जाकर छिप गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। बाद में पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक और बदमाश को पकड़ लिया जबकि तीसरे बदमाश की तलाश देर शाम तक जारी रही।
बकाया बिल वसूली के लिए शनिवार को पावर कॉर्पोरेशन की एक फ्रेंचाइजी द्वारा धवरुआ बाजार में कैंप लगाया गया था। सुबह नौ बजे कैंप में उपभोक्ताओं द्वारा बकाया बिल जमा करने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर तक सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था। दोपहर बाद लगभग ढाई बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे।
तीनों सीधे कैश काउंटर पर गए और एकत्र की गई धनराशि से भरा बैग लूटने का प्रयास शुरू कर दिया। इस पर ठेकेदार अनुग्रह सिंह (50) पुत्र जगदंबा निवासी शेखपुरा राजकुमारी थाना जलालपुर ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसे गोली मार दी। गोली ठेकेदार के दाएं पैर में लगी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
ग्रामीणों को जुटते देख बदमाश बाइक छोड़कर वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने एक बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे वह अधमरा हो गया। इस बीच मौके पर दलबल के साथ पहुंचे सीओ जलालपुर कमल यादव व एसओ सुनील प्रताप सिंह ने पकड़े गए बदमाश को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अभिरक्षा में ले लिया।
इसके बाद ग्रामीणों के साथ भाग रहे दो अन्य बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। लगभग आधा घंटे बाद गांव के निकट स्थित गन्ने के खेत से एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरा बदमाश अभी भी पुलिस पकड़ से दूर है।
हालांकि उसे पकड़ने के लिए पुलिस व ग्रामीणों की घेराबंदी लगातार जारी है। उधर, गोली लगने से घायल अनुग्रह सिंह को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ कमल यादव ने बताया कि दो बदमाश पकड़ लिए गए हैं। लूट की घटना नहीं होने पाई है। बाकी छानबीन की जा रही है।