फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेत बाधा दूर करने के नाम पर ठगे पांच लाख के गहने

Thu, 25 Aug 2016 12:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
सोना - फोटो : demo pic
विज्ञापन
प्रेत बाधा दूर करने के नाम पर तांत्रिक द्वारा लगभग पांच लाख रुपये के गहने ठगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाना में केस दर्ज करने को तहरीर दे दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। 
विज्ञापन

परिवारीजनों के अनुसार मंगलवार दोपहर मालीपुर थाना अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग निवासी दलसिंगार मिश्र पुत्र गोरखनाथ मिश्र के घर पर एक तांत्रिक पहुंचा।

भिक्षा मांगने की आवाज पर दलसिंगार की बहू अर्चना बाहर निकली तो तांत्रिक ने उससे एक मुट्ठी चावल मांगा। जब बहू चावल लेकर आई तो तांत्रिक ने उसे उसके परिवार के भूत व वर्तमान के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि उसके पति व पुत्र पर प्रेत बाधा है। इसके लिए उसे पूजा-पाठ कराना होगा। यह बात अर्चना ने अपनी सास शकुंतला को बताई।

उस समय घर पर उसका देवर सत्येंद्र भी मौजूद था। उसकी बातों में आकर शकुंतला ने तांत्रिक से पूजा-पाठ करने   के लिए कहा। तांत्रिक ने कहा कि घर में जितने भी आभूषण हैं, उन्हें एक पोटली में रखकर पूजा स्थल पर रखो। यदि एक भी आभूषण बचा तो पूजा सफल नहीं होगी। इस पर शकुंतला व अर्चना ने घर का सारा आभूषण पोटली में भरकर पूजा स्थल पर रख दिया।
विज्ञापन


तांत्रिक ने पूजा-पाठ शुरू किया। इस बीच उसने एक दीपक शकुंतला को दिया और कहा कि दोनों महिलाएं दीपक को घर के आंगन में स्थित तुलसी के पौधे के पास ले जाएं और वहीं बैठ जाएं। साथ ही अर्चना को आधा घंटा बाद पूजा स्थल पर आने को कहा। इस पर दोनों महिलाएं दीपक लेकर घर के अंदर चली गईं।

कुछ ही देर में तांत्रिक ने कुछ फूल सत्येंद्र को देते हुए कहा कि इसे गांव के निकट स्थित तालाब में फेंक आओ। जैसे ही सत्येंद्र घर के बाहर गया तांत्रिक ने पोटली के सभी गहने अपने झोले में डाला और उसके स्थान पर कपड़ा भरकर पोटली पहले की तरह बांध दिया। कुछ देर बाद जब अर्चना वहां पहुंची तो तांत्रिक ने कहा कि पूजा पूरी हो गई। अब कोई प्रेत बाधा नहीं है।

यह कहकर वह वहां से चला गया। तांत्रिक के जाने के बाद जब अर्चना ने पोटली उठाई तो वह सन्न रह गई। पोटली के अंदर आभूषण के स्थान पर कपड़ा था। इस बीच सत्येंद्र भी वहां आ गया। सभी ने तांत्रिक की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। 

अर्चना के अनुसार तांत्रिक ने लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण पार कर दिया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ सुनील सिंह ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें